लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजयुमो नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा को पदभार ग्रहण समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदान राठौड़ ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा को पदभार ग्रहण समारोह में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो सामान्य कार्यकर्ता को भी शीर्ष पदों तक पहुँचने का अवसर देती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि वे एक साधारण कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री बने, और आज विश्व मंच पर भारत का मान बढ़ा रहे हैं।
राजस्थान में विकास और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां
राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की भजनलाल सरकार के नेतृत्व में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा प्रारंभ की गई ईआरसीपी योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे 16 जिलों को लाभ मिलेगा। यमुना जल समझौते के तहत राजस्थान को शीघ्र ही अतिरिक्त जल उपलब्ध होगा।
राठौड़ ने कहा कि सरकारी भर्ती कैलेंडर जारी करना, किसानों को दिन में बिजली देना, पेपर लीक से मुक्ति, निवेश बढ़ाने के लिए राइजिंग राजस्थान, रेलवे, सड़क, नहर और ग्राम विकास से जुड़े बड़े कार्य वर्तमान सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि जहां अन्य दलों में एक व्यक्ति और परिवार सर्वोपरि होते हैं, वहीं भाजपा का मूल मंत्र “नेशन फर्स्ट” है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा के विचार
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने मातृ संगठन विद्यार्थी परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में 19 पेपर लीक हुए, जिससे गरीब परिवारों के बच्चों का भविष्य प्रभावित हुआ, जबकि वर्तमान सरकार ने पेपर लीक माफियाओं को जेल भेजा।
गोरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जारी एक लाख सरकारी नौकरियों के भर्ती कैलेंडर के लिए आभार जताया और युवाओं के साथ संकल्प लिया कि वे राष्ट्रहित में सच्चे सैनिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि भाजयुमो सरकार की योजनाओं और भर्ती कैलेंडर को जन-जन तक पहुंचाएगा और आगामी पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों में बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में राजस्थान भर से हजारों युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और ढोल नगाड़ों के साथ शंकर गोरा का भव्य स्वागत किया। साधु-संतों ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को आशीर्वाद प्रदान किया। मंच संचालन भाजपा प्रदेश मंत्री एवं युवा मोर्चा प्रदेश प्रभारी आईदान सिंह भाटी और मोर्चा प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिवाल ने किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, नाहर सिंह जोधा, छगन माहुर, सरिता गेना, एकता अग्रवाल, अपूर्वा सिंह, अजीत माँड़न, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, अंकित चेची, युवा मोर्चा महामंत्री चंद्रवीर सिंह चौहान, जयपुर शहर जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पुरवंशी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















































