लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भरतपुर जिले के बयाना क्षेत्र में एक बार फिर ओवरलोड पत्थर भरे ट्रकों की बेखौफ दौड़ शुरू हो गई है, जिससे न केवल सड़क सुरक्षा पर संकट खड़ा हो रहा है बल्कि आमजन का जीवन भी खतरे में पड़ता जा रहा है। रुदावल के बंशी पहाड़पुर क्षेत्र से निकाले जा रहे भारी-भरकम पत्थरों की ठेवी भरकर ट्रकों को दिनदहाड़े रवाना किया जा रहा है। ये ट्रक न केवल निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक माल ढो रहे हैं, बल्कि सड़क पर तेज रफ्तार में फर्राटा भरते हुए आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका को भी बढ़ा रहे हैं।
सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इस पूरे प्रकरण पर खनिज विभाग की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में वैध और अवैध दोनों तरह का खनन चल रहा है। पहले सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन ओवरलोड ट्रकों के संचालन के लिए रात्रि 8 बजे से प्रातः 4 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था ताकि दिन में आमजन को असुविधा और हादसों से बचाया जा सके। लेकिन अब रॉयल्टी ठेकेदार की मनमानी के चलते इन नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और ट्रकों का संचालन बिना किसी रोक-टोक के दिन में किया जा रहा है।
इससे जहां सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है वहीं स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों की जान पर भी हर पल खतरा मंडरा रहा है। स्थिति यह है कि ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने इस लापरवाही और खनिज विभाग की निष्क्रियता के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही पर रोक नहीं लगाई गई तो वे सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे। यह मुद्दा अब प्रशासनिक उदासीनता और आमजन की सुरक्षा के बीच टकराव का रूप लेता दिख रहा है, जिससे बयाना क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल बन गया है।


















































