लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर (संजीव बंसल)
कठूमर (अलवर)। कठूमर उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मैथना में मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के कारण जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने मंगलवार को उपखंड कार्यालय पहुंचकर एसडीएम श्याम सुंदर चेतीवाल को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या के समाधान की मांग की।
मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित
ग्रामीणों के अनुसार डिस्पेंसरी के पास पीएचईडी रोड पर कुछ लोगों द्वारा मिट्टी डालकर रास्ता ऊंचा कर दिया गया है, जिससे बारिश का पानी सड़क पर ही रुक जाता है। यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ता है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बुजुर्गों और बच्चों को हो रही परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सुरक्षित रूप से रास्ता पार नहीं कर पा रहे हैं। साथ ही गंदे पानी के जमा होने से मौसमी बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
इस दौरान सुकेश गुर्जर, चंद्रेश, रामेश्वर दयाल, रामोली गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



















































