लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दो दिन में सामान्य होगी जलापूर्ति
अजमेर (नितिन मेहरा, वरिष्ठ संवाददाता)। जिले में पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर विशेष कंट्रोल रूम शुरू किया गया है। आमजन अब पानी से जुड़ी शिकायतें दर्ज करवाकर उनका शीघ्र निराकरण करा सकेंगे।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि बीसलपुर-अजमेर-पुष्कर पेयजल परियोजना के अंतर्गत थडोली पंप हाउस पर खराब सीटीपीटी (CTPT) बदलने का कार्य किया गया। इसके लिए जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (टोडारायसिंह उपखंड) द्वारा 8 जून को सुबह 8:15 बजे से शाम 7:45 बजे तक कुल 11 घंटे 30 मिनट का शटडाउन लिया गया था।
शटडाउन के दौरान विभाग ने ग्राम अजगरा के पास तथा केकड़ी हेडवर्क्स पर बटरफ्लाई वॉल्व में हो रहे वेल्डिंग लीकेज की मरम्मत का कार्य भी पूरा किया। इस कारण जल उत्पादन में लगभग 100 एमएल (ML) की कमी आई, जिससे अजमेर शहर में आंशिक रूप से तथा किशनगढ़, ब्यावर एवं जिले के कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही।
अधीक्षण अभियंता के अनुसार, गर्मी के मौसम में बेहतर जल प्रबंधन के लिए यह कार्य आवश्यक था। अजमेर शहर के कुल 283 जल वितरण जोनों में से केवल 28 जोनों में पानी की आपूर्ति का अंतराल 48 घंटे से बढ़कर 72 घंटे हुआ है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि आगामी दो दिनों में व्यवस्था पुनः सामान्य करते हुए 48 घंटे के निर्धारित अंतराल पर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
विभाग ने आमजन से पानी का सीमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील की है। साथ ही घरों की टंकियों में फ्लोट वॉल्व लगाने, लीकेज रोकने तथा पानी की बर्बादी नहीं करने का आग्रह किया है।
पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम नंबर:
0145-2628489
0145-2621924
विभाग ने कहा है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रहेगा।




















































