लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
टोंक | (अजय राज नवरंगपुरा) राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं विज्ञान वर्ग परीक्षा में 99.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सोनू मेहरा ने राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इस शानदार उपलब्धि से टोंक जिले के निवाई क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
निवाई के बडागांव निवासी सोनू मेहरा वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वाटिका (जयपुर) में अध्ययनरत हैं। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद परिवार, गांव और विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल बन गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
सोनू मेहरा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता गुड्डी देवी और विनोद मेहरा के साथ-साथ अपने शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और मार्गदर्शन से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
इस उपलब्धि पर विभिन्न गणमान्य लोगों ने फोन कर सोनू को बधाई दी। इनमें बैरवा महासभा जिला अध्यक्ष शिवराज बैरवा, सीआईडी जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार बैरवा, पूर्व विधायक कमल बैरवा सहित अन्य शामिल रहे, जिन्होंने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सोनू की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में गर्व का माहौल है और लोग इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक सफलता मान रहे हैं।
