लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा, (विनोद सेन) । राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा देवनारायण राजकीय आवासीय बालिका विद्यालय, तेलीखेड़ा और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, आरजिया में बेटी बचाओं, बेटी पढाओं योजनान्तर्गत बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की रोकथाम और जागरूकता कार्यक्रम एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक नगेन्द्र कुमार तोलम्बिया ने बताया कि कार्यक्रम में 600 बालिकाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत निबंध, पोस्टर, स्लोगन और कविता पाठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में विजेता रहे छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक मानाराम गुर्जर ने बालिकाओं को सामाजिक रूप से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, जबकि आरजिया विद्यालय के प्रधानाध्यापक महावीर शर्मा ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
इस दौरान पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की प्रमुख गंगा दाधीच ने छात्राओं को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। महिला सुपरवाइजर मीनल विजयवर्गीय ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 और मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन पर जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई और विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।