लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बालोतरा। पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया के जन्मदिन पर चम्पालाल बांठिया चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से धार्मिक और सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। ट्रस्ट अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणपत बांठिया के नेतृत्व में विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर कटारिया की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। इस अवसर पर गौशालाओं में गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाया गया तथा पौधों का वितरण भी किया गया।
ट्रस्ट के संरक्षक कटारिया के जन्मदिन पर ट्रस्ट सदस्यों ने नाकोड़ा तीर्थ में भगवान पार्श्वनाथ और अधिष्ठायक भैरव देव के दर्शन किए। इसके बाद आसोतरा स्थित ब्रह्माधाम तीर्थ में भगवान ब्रह्मा और संत खेतारामजी महाराज की समाधि, खेड़ स्थित भगवान रणछोड़ राय मंदिर तथा होटलू स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की गई।
इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न गौशालाओं में गौसेवा की गई। गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाकर उनके संरक्षण एवं कल्याण की कामना की गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधों का वितरण किया गया।

समाजसेवा और जनहित को समर्पित रहा जीवन : बांठिया
गणपत बांठिया ने कहा कि गुलाबचंद कटारिया ने अपने राजनीतिक जीवन में ईमानदारी के साथ जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी है। उनका जीवन समाजसेवा, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के साथ कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया है। शिक्षा, संस्कार और नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर उनके विचार समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
बांठिया ने बताया कि कटारिया के पूर्व विधायक चम्पालाल बांठिया के साथ पारिवारिक संबंध रहे हैं। ट्रस्ट के सेवा प्रकल्पों में भी उनका मार्गदर्शन मिलता रहा है। उन्होंने राज्यपाल कटारिया से दूरभाष पर बातचीत कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और ट्रस्ट की ओर से संचालित सेवा गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
18,444 परिवारों तक पहुंचाए सहायता उपकरण
बांठिया के अनुसार, कटारिया के मार्गदर्शन में ट्रस्ट पिछले दस वर्षों से विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित कर रहा है। इनमें जरूरतमंदों को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीनें उपलब्ध कराना, दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और ट्राईसाइकिल देना तथा श्रवण यंत्र वितरित करना शामिल है। उन्होंने दावा किया कि अब तक 18,444 परिवारों को विभिन्न प्रकार के उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि गौवंश के संरक्षण के उद्देश्य से राज्यपाल कटारिया के जन्मदिन से जिले में सरकार के सहयोग से टीकाकरण अभियान भी शुरू किया गया है। अभियान के तहत आवश्यकता के अनुसार गौवंश का टीकाकरण कराया जाएगा।
ट्रस्ट सदस्य और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष महिपाल सिंह करणोत, पूर्व पार्षद महावीर माली, दुर्ग सिंह राजपुरोहित, सुमित रामावत, ट्रस्टी अशोक चोपड़ा, ऋषभ तांतेड़, शांतिलाल लुंकड़, संजय सालेचा, दिनेश गोलेछा, गौतम सकलेचा, हार्दिक भंडारी, रिकेश अन्याव, राजेश चंडक, संजय छाजेड़, महेंद्र माली, चंद चारण, मालाराम भील और महेंद्र बारूपाल सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट सचिव बाबूलाल भंसाली ने किया।