लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला (झालावाड़): चिड़ी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उन्हेल थाना क्षेत्र की है।
खेत में काम के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मृतक किसान राजू सिंह पुत्र श्याम सिंह (उम्र 28 वर्ष) सुबह खेत में रजका की फसल को पानी देने के लिए कुएं पर गया था। मोटर चालू करते समय उसे अचानक करंट का तेज झटका लगा और वह संतुलन खोकर कुएं में गिर गया।
मौके पर पहुंचाया गया अस्पताल
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उसे कुएं से बाहर निकाला और गंभीर हालत में चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
हेड कांस्टेबल कैलाश चंद्र ने बताया कि मृतक के चाचा कृपाल सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
गांव में शोक का माहौल
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

















































