लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नई खेल नीति से खेलों और खिलाड़ियों को मिला सम्मान: दीपक हुड्डा
सांसद खेल महोत्सव-2025 का भव्य समापन, मंत्री और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उतरे मैदान में
अजमेर | नितिन मेहरा
अजमेर संसदीय क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव–2025 का भव्य एवं गरिमामय समापन 25 दिसंबर को पटेल स्टेडियम में हुआ। समापन समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी अत्यंत आवश्यक हैं।
केंद्रीय मंत्री चौधरी ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव–2025 के लिए पंजीयन के मामले में अजमेर लोकसभा क्षेत्र देशभर में आठवें स्थान पर रहा, जो क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा खेल महोत्सव में वर्चुअल सहभागिता उनकी खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इससे खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ा है और खेलों को सम्मान मिला है।
उन्होंने कहा कि यह महोत्सव ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त मंच बन चुका है। खेल और जीवन में हार-जीत सिक्के के दो पहलू हैं। हार से सीख लेकर आगे बढ़ना और जीत में विनम्र रहना हर खिलाड़ी के लिए जरूरी है। मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी विजेता होता है।
अटल जी और महाराजा सूरजमल को किया नमन
चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर सुशासन दिवस मनाया जा रहा है। उनका कथन “हार नहीं मानूंगा” हर खिलाड़ी का मूल मंत्र होना चाहिए। साथ ही उन्होंने महाराजा सूरजमल की पुण्यतिथि पर उनके शौर्य और पराक्रम को नमन किया।
नई खेल नीति से बदली खिलाड़ियों की तस्वीर: दीपक हुड्डा
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार विजेता दीपक निवास हुड्डा ने नई खेल नीति की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ी देश की शान होते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की नई खेल नीति के कारण आज खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरियां और सम्मान मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि नई नीति के चलते भारत ने एशियन गेम्स में 107, पैरा गेम्स में 114 और कॉमनवेल्थ गेम्स में 69 पदक जीते हैं। वर्ष 2030 में कॉमनवेल्थ और 2036 में ओलंपिक गेम्स की मेजबानी भारत के लिए गौरव की बात होगी।
हुड्डा ने अपने संघर्ष की कहानी साझा करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियां व्यक्ति को कमजोर नहीं, बल्कि मजबूत बनाती हैं। जुनून और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मंत्री और हुड्डा ने खेलकर बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी और दीपक निवास हुड्डा स्वयं मैदान में उतरे और कबड्डी खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इससे खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त जोश और रोमांच देखने को मिला।
विविध खेलों में हुई प्रतिस्पर्धाएं
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी जगनारायण व्यास ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत क्रिकेट, हॉकी, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कुश्ती, कराटे, स्केटिंग सहित अनेक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन
समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से खिलाड़ियों और आयोजकों को संबोधित करते हुए युवाओं को खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व खेल प्रेमी रहे मौजूद
समारोह में अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल, जिला कलेक्टर लोक बंधु, जिला परिषद सीईओ राम प्रकाश, सांसद खेल महोत्सव के संयोजक देवेन्द्र सिंह शेखावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


















































