लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोकेशन: पीसांगन, अजमेर
स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन पंचायत समिति अंतर्गत 23 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम प्रशासन के अधिकारियों ने केंद्र सरकार की नई योजना “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) – वीबी जीरामजी” के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस कड़ी में ग्राम पंचायत रामपुरा डाबला स्थित आईटी केंद्र पर ग्राम सभा का आयोजन प्रशासक सीमा चौधरी की अध्यक्षता में किया गया। ग्राम सभा को संबोधित करते हुए अतिरिक्त विकास अधिकारी चन्द्रनारायन चौधरी ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार करना, आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देना और सतत ग्राम विकास सुनिश्चित करना है।
प्रशासक सीमा चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर इस योजना में पहली बार राष्ट्रीय या राज्य स्तर की बजाय गांव की आवश्यकताओं के अनुसार योजना का निर्माण और क्रियान्वयन करने की स्वतंत्रता दी जा रही है। यह कदम ग्रामीण सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण साबित होगा।
ग्राम विकास अधिकारी मनीष जेसवानी ने बताया कि योजना में जल सुरक्षा, देहात में आधारभूत संरचना का विकास और प्राकृतिक आपदाओं के समय समाधान से जुड़े कार्य किए जाएंगे। योजना में पंजीकृत श्रमिकों को वर्ष में सवा सौ दिन का रोजगार मिलेगा, जबकि खेती-बाड़ी के दौरान 60 दिन तक कार्य बंद रहेगा।
ग्राम सभा में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जियो-स्पेशल टेक्नोलॉजी, जियो-टैगिंग, बायोमेट्रिक और एआई जैसी नवीन तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
सभा में अतिरिक्त विकास अधिकारी चन्द्रनारायन चौधरी, प्रशासक सीमा चौधरी, विकास अधिकारी मनीष जेसवानी, कनिष्ठ सहायक कैलाश मेघवंशी, चिकित्सा कर्मी सीमा अहलावत, दीपा चौधरी, सपना चौधरी, आशा वर्कर स्वरुप चौधरी, मेट विष्णुदत्त वैष्णव, चेतन करेसिया, घनश्याम भैरा, कचरूलाल रेगर, भंवरीदेवी देवासी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
















































