लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजमार्ग सुरक्षा के लिए बड़ी कार्रवाई: लापस्या के पास होटल-ढाबों के अवैध रास्ते हटाए
गौतम शर्मा
राजसमन्द।
राजसमन्द। राजसमंद–भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुरक्षा को लेकर बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। लापस्या गांव के पास होटल व ढाबा संचालकों द्वारा हाईवे किनारे बनाए गए अवैध रास्तों को रूपाखेड़ा टोल प्लाजा प्रबंधन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से हटाया।
हाईवे टोल मैनेजर पांचूराम कुमावत ने बताया कि होटल-ढाबा संचालकों ने बिना किसी अनुमति के राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधे जुड़ने के लिए अवैध रास्ते बना रखे थे। इन अवैध कटों पर वाहनों की अनाधिकृत पार्किंग भी की जा रही थी, जिससे वाहन अचानक हाईवे पर प्रवेश कर जाते थे और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। साथ ही वाहनों की आवाजाही से सड़क पर धूल-मिट्टी फैलने के कारण तेज रफ्तार वाहनों के लिए खतरा और बढ़ जाता था।
राष्ट्रीय राजमार्ग 758 पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। मौके पर हाईवे टोल मैनेजर पांचूराम कुमावत, एएसआई रामचंद्र चौधरी, हेड कांस्टेबल यशपाल सिंह, कांस्टेबल हरिसिंह सहित पुलिस जाप्ता एवं टोल प्लाजा का स्टाफ मौजूद रहा।
कार्रवाई के दौरान अवैध अतिक्रमण हटाने के साथ होटल एवं ढाबा संचालकों को भविष्य में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का रास्ता नहीं बनाने की सख्त हिदायत दी गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अवैध कटों एवं अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


















































