लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी। समदड़ी क्षेत्र के सेवाली गांव में राजस्थान सरकार के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही भाजपा की विकास रथ यात्रा का ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। गांव में रथ के पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-थाली की झंकार के साथ तिलक लगाकर खुशी का इजहार किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान एवं कैंप प्रभारी महेश बी. चौहान का ग्राम पंचायत सरपंच की ओर से साफा व माला पहनाकर पारंपरिक स्वागत किया गया। रथ में लगी एलईडी वॉल के माध्यम से राज्य सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
कैंप में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर ग्रामीणों को पुस्तकें एवं पत्र वितरित किए गए तथा सुझाव पेटी रखी गई। शिविर प्रभारी महेश बी. चौहान ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपने सुझाव लिखित रूप में पेटी में डालें, जिससे उनकी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंच सकें।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि इन पुस्तकों और पोस्टरों के माध्यम से सरकार द्वारा दो वर्षों में किए गए कार्यों की जानकारी दी जा रही है, ताकि आमजन राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं से भली-भांति परिचित हो सकें।
शिविर प्रभारी महेश बी. चौहान ने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बीपीएल राशन, जल जीवन मिशन, दीनदयाल उपाध्याय विद्युत योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना एवं आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं से गांव-ढाणी तक विकास पहुंचा है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बोराणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष पुखराज देवासी, विकास अधिकारी करनाराम पटेल, नायब तहसीलदार, सरपंच प्रतिनिधि हडमानराम चौधरी, पंचायत समिति सदस्य मांगीलाल राजपुरोहित, पंचायत समिति कार्यवाहक स्वरूप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











































