लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उपसरपंच को प्रशासक का कार्यभार सौंपने के आदेश
नवीन कुमावत
किशनगढ़ रेनवाल। बधाल ग्राम पंचायत लूनियावास की प्रशासक एवं निवर्तमान सरपंच राधादेवी गीला को पद का दुरुपयोग कर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने के मामले में जिम्मेदार मानते हुए विभाग द्वारा प्रशासक पद से हटाने के आदेश जारी किए गए हैं।
विकास अधिकारी, पंचायत समिति किशनगढ़ रेनवाल से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासक राधादेवी गीला को प्रकरण में दोषी ठहराया गया। जांच में उनके द्वारा पद का दुरुपयोग किए जाने की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
राज्य सरकार से प्राप्त निर्देशों एवं विभागीय आदेश क्रमांक 13524345 दिनांक 11 फरवरी 2025 की पालना में अतिरिक्त आयुक्त एवं शासन उपसचिव (द्वितीय) त्रिलोक चंद मीणा द्वारा लूनियावास पंचायत प्रशासक राधादेवी गीला को पदमुक्त करने तथा पंचायत के उपसरपंच को प्रशासक का कार्यभार सौंपने के आदेश जारी किए गए हैं।
आदेश जारी होने के बाद पंचायत प्रशासन में नए सिरे से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
















































