लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह)। भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर पर बसे श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर से बड़ी खबर है। बीती रात धर्म परिवर्तन का मामला सामने आने के बाद आज सर्व समाज के विभिन्न संगठनों ने उपखंड कार्यालय और पुलिस थाने के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सिख जत्थे और अन्य समुदायों के लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने उपखण्ड अधिकारी श्योराम को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि यह मामला गुरुवार रात विदेशी नागरिकों और ईसाई मशीनरी से जुड़े स्थानीय लोगों के पकड़े जाने के बाद उजागर हुआ। ज्ञापन में कहा गया कि श्रीकरणपुर क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से कुछ लोग धन के लालच या जबरन धर्म परिवर्तन के लिए भोले-भाले और गरीब तबके के लोगों को प्रभावित कर रहे हैं।
सर्व समाज ने प्रशासन से यह भी कहा कि क्षेत्र संवेदनशील है, और ऐसे घिनोने कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने इस महीने को धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सिख पंथ में शहीदी दिहाड़ और हिंदू समाज में तुलसी दिवस आते हैं, और इसी माह ईसाई मशीनरी द्वारा धर्म परिवर्तन की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसे वे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि बीती रात पकड़े गए लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता के साथ गहन जांच की जाएगी।











































