लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह | ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर | जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। श्रीगंगानगर रोड स्थित गुरुद्वारा नानक दरबार के पास बुधवार शाम तलवारबाजी की घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को श्रीगंगानगर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल मिस्त्री अवतार सिंह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक दो युवक वहां पहुंचे और रड़ेवाला गांव निवासी गुरपाल सिंह (35) पर तलवारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने गुरपाल सिंह के सिर पर तलवार से गहरी चोट मारी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। इसके अलावा उनके पैरों पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
गुरपाल सिंह पर हमला करने के बाद आरोपियों ने दुकान मालिक अवतार सिंह (38) पर भी तलवार से वार कर दिया, जिससे उनके हाथ का अंगूठा कट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, श्रीकरणपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें श्रीगंगानगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घायलों से बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हमलावर बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए सरगर्मी से तलाश कर रही है।
















































