लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पाली। पाली जिले के सिरियारी गाँव में आचार्य श्री भिक्षु के 300वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा आयोजित विराट महिला सम्मेलन में आज राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिरकत की। इस अवसर पर आयोजकों ने उपमुख्यमंत्री का पारंपरिक स्वागत किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आयोजन की सराहना करते हुए महिला मंडल को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह भूमि साधना और तप की भूमि है, और संस्कारों से ही नारी राष्ट्र की दिशा तय करती है। उन्होंने नारी की वर्तमान भूमिका को पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
दिया कुमारी ने नई पीढ़ी को संस्कारों और त्योहारों से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ी परंपराओं से दूर हो सकती है। उन्होंने महिलाओं की अपार शक्ति को पहचानने और समाज के लिए योगदान देने की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार निरंतर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रही है और आने वाले समय में महिलाओं को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे हमेशा महिलाओं के साथ खड़ी हैं और किसी भी आवश्यकता या समस्या के लिए सीधे उनसे संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान दिया कुमारी ने आचार्य श्री भिक्षु के समाधि स्थल के दर्शन भी किए।














































