लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर से रिपोर्टर: बृजकिशोर पारीक
एक्टिवा, बैग, जैकेट व मोबाइल मिलने के बाद चला रेस्क्यू ऑपरेशन
जोधपुर। कायलाना झील क्षेत्र में एक युवक और युवती के डूबने की आशंका के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में बुधवार सुबह दोनों के शव बरामद कर लिए गए। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब मंगलवार को झील के पास एक एक्टिवा और एक बैग मिला।
सूचना के आधार पर पुलिस चौकी कायलाना झील के कांस्टेबल दिनेश सोडा और गोताखोर भरत चौधरी ने मंगलवार शाम को झील में तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक सफलता नहीं मिली। इसके बाद बुधवार तड़के पुनः झील के किनारे और आसपास सघन तलाशी ली गई, जहां एक जैकेट और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
मोबाइल मिलने के बाद कांस्टेबल दिनेश सोडा ने गोताखोरों को सूचना दी। गोताखोर दाऊलाल मालवीय के नेतृत्व में भरत चौधरी, इंदर मीणा, जितेंद्र, भरत मालवीय, अचलाराम, किशन, दिनेश सोडा और वेलाराम नाविक की टीम ने सुबह जल्दी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद झील से एक-एक कर दोनों शव बाहर निकाले गए। मृतकों में एक युवक और एक युवती शामिल हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया।
फिलहाल पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
















































