लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर/दांतारामगढ़ । कुम्हार-कुमावत युवा समिति दांतारामगढ़ के तत्वावधान में प्रथम प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार को नगरपालिका दांता स्थित गोविंदम मैरिज गार्डन में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों, सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी भामाशाह भंवरलाल सिरस्वा ने की, जबकि मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पशुपालन, डेयरी, गोपालन एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत रहे। अतिविशिष्ट अतिथि पद्मश्री सुंडाराम जेठीवाल एवं राज्य मंत्री प्रहलाद राय टांक (अध्यक्ष, श्रीयादे माटी कला बोर्ड) रहे।
मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि समाज की उन्नति का मार्ग उच्च शिक्षा से होकर जाता है। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने, समय का सदुपयोग करने और डिजिटल युग के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। राज्य मंत्री प्रहलाद राय टांक ने कहा कि युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ-साथ प्रशासनिक, मेडिकल और तकनीकी क्षेत्रों में जाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
समारोह में कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ वर्ष 2025 में सरकारी सेवाओं में चयनित समाजबंधुओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने ऐसे आयोजनों को युवाओं के आत्मविश्वास और प्रेरणा का स्रोत बताया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। बड़ी संख्या में समाजबंधु, भामाशाह, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में समिति के पदाधिकारियों ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
















































