लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत जोधपुर पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने सूरसागर क्षेत्र में नकली घी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफोड़ किया है। क्षीर कंपनी के नाम पर बनाए जा रहे नकली घी की सूचना पर हुई इस संयुक्त कार्रवाई में 23 टीन मिलावटी घी जब्त किए गए हैं।
मौके से दो आरोपियों लालचंद माहेश्वरी और शिवप्रकाश माहेश्वरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों लंबे समय से क्षीर कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर नकली घी तैयार कर बाजारों, किराना दुकानों और छोटे सप्लायरों तक सप्लाई कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पैकेजिंग सामग्री, टीन और अन्य उपकरण बरामद हुए, जो स्पष्ट करते हैं कि यह एक संगठित नेटवर्क था। प्रारंभिक जांच में घी पूरी तरह मिलावटी पाया गया, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता था।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराएं 318(4), 274, 275 तथा कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और सप्लाई नेटवर्क के अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
जब्त घी के नमूने लैब भेजे जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को राहत की बड़ी खबर बताया।
जोधपुर पुलिस और DST की यह संयुक्त कार्रवाई शहर में मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है, और आने वाले दिनों में ऐसे नेटवर्क पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।











































