लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)
उनियारा। क्षेत्र के पलाई कस्बे में शनिवार को यूरिया खाद वितरण के दौरान किसानों की भारी भीड़ और धक्का-मुक्की के चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर पहुंचकर लाइन लगवानी पड़ी और व्यवस्थित तरीके से खाद बंटवाया गया।
जानकारी के अनुसार पलाई के एक निजी खाद विक्रेता के यहां 930 कट्टे यूरिया खाद पहुंचे थे। इसकी सूचना फैलते ही पलाई सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंच गए। अपनी बारी को लेकर किसानों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी, जिससे हालात बिगड़ते गए। भीड़ में कई महिलाएं भी मौजूद थीं।
स्थिति गंभीर होती देख खाद विक्रेता ने कृषि विभाग को सूचना दी। इसके बाद सहायक कृषि अधिकारी भंवरलाल सैनी, पर्यवेक्षक बलराम नागर, कालूलाल नागर और रामहेत मीणा मौके पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करना कठिन होने पर उन्होंने पुलिस को बुलाया।
थाने से हेडकांस्टेबल हेमराज चौधरी और उनकी टीम पहुंची तथा महिला और पुरुष किसानों की अलग-अलग लाइनें लगवाईं। इसके बाद कृषि विभाग के कार्मिकों ने प्रति किसान 2-2 कट्टों के हिसाब से टोकन जारी करना शुरू किया।
कृषि अधिकारियों ने बताया कि कुल 465 किसानों को टोकन जारी किए गए, जिनमें पूरे 930 कट्टे यूरिया खाद का वितरण पूरा कराया गया।














































