लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाईमाधोपुर/मलारना डूंगर। (रिपोर्ट: अब्दुल माहिर)
सवाईमाधोपुर/मलारना डूंगर। मलारना डूंगर थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी शिवराम पुत्र रामधन मीना, रमेश पुत्र हरिनारायण मीना और सत्यनारायण उर्फ सत्या पुत्र सीताराम मीना, निवासी रामड़ी को शुक्रवार को बोंली न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने तीनों को जमानत पर छोड़ने के आदेश दिए।
पुलिस की कार्रवाई ऐसे हुई:
एएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि 8 अक्टूबर को कोटा–लालसोट मेगा हाईवे पर मलारना चौड़ पुलिस चौकी के सामने अवैध बजरी परिवहन रोकने के लिए नाकाबंदी की जा रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि तारनपुर से रामड़ी की ओर बजरी लेकर वाहन जा रहे हैं।
पुलिस टीम जब तारनपुर पहुंची तो वहां एक आरोपी बजरी से भरी ट्रैक्टर–ट्रॉली लेकर जा रहा था, जबकि दो आरोपी मोटरसाइकिल से उसे कवर दे रहे थे, ताकि पुलिस की नजरों से बच सकें।
पुलिस ने पीछा किया, लेकिन आरोपियों ने बीच रास्ते में बजरी का ढेर लगाकर रास्ता जाम कर दिया, जिससे पुलिस वाहन आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर–ट्रॉली भी जब्त कर ली।
पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।













































