लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। सशस्त्र सेना झंडा दिवस (7 दिसंबर) के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से प्रतीकात्मक झंडा (बैज) ग्रहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए ऑनलाइन अंशदान भी किया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस थल, नौ और वायु सेनाओं के वीर सैनिकों के सम्मान में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन देश की अखंडता और एकता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले बहादुर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। 
शर्मा ने कहा कि सैनिकों के समर्पण, त्याग और राष्ट्र सेवा के प्रति साधुवाद प्रकट करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे वीर सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके कल्याण के लिए खुले हाथ से योगदान देने का संकल्प लें।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर वीरेंद्र सिंह राठौड़ सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी भी उपस्थित रहे।











































