लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। टोंक–सवाई माधोपुर हाइवे पर खेलनिया के पास घायल गौवंश का उपचार कर रहे गौ सेवकों को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से उनियारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। एक युवक की पैर में गंभीर चोट आने पर उसे टोंक जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों में रेवती रमण (25) पुत्र विजय सैनी, निवासी उनियारा; राहुल (25) पुत्र कैलाश बैरवा, निवासी हिन्दवाड़ा थाना रजवाना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर; और अमर (24) पुत्र रामपाल बैरवा, निवासी आलूंदा थाना रजवाना डूंगर शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, गौवंश के घायल होने की सूचना पर गौसेवकों की टीम मौके पर उसका उपचार कर रही थी। इसी दौरान टोंक की ओर से तेज गति से आ रही बाइक ने लापरवाही से एक गौसेवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया।
तीनों घायलों का उपचार जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल गौ सेवक को टोंक जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।















































