लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन उपखंड क्षेत्र से गुजरते अजमेर–ब्यावर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को मांगलियावास थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए अवैध वाहन धुलाई केंद्रों पर बड़ी कार्रवाई की। मांगलियावास से रामपुरा तक हाईवे किनारे संचालित अवैध वॉशिंग स्टेशनों पर कार्रवाई होते ही संचालकों में हड़कंप मच गया।
थानाधिकारी दिनेश चौधरी ने बताया कि पूर्व में वाहन धुलाई कार्य करने वालों को समझाइश देते हुए कहा गया था कि हाईवे से 40 फीट दूर धुलाई कार्य किया जाए, ताकि यातायात प्रभावित न हो। नियमों का पालन नहीं करने पर पंप संचालकों को चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ धारा 133 के तहत कार्रवाई की गई।
चौधरी ने बताया कि सड़क किनारे वाहन धुलाई से न केवल यातायात में बाधा उत्पन्न होती है, बल्कि सड़क पर फिसलन बढ़ने से दुर्घटनाओं की संभावना भी अधिक रहती है। बार-बार समझाइश के बावजूद सुधार नहीं होने पर पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने संयुक्त छापेमारी की।
अभियान में हाईवे किनारे स्थित 35 अवैध वाहन धुलाई केंद्रों को चिन्हित कर उनके संसाधनों की जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















































