लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमन्द।
राजसमन्द जिले की मादड़ी ग्राम पंचायत के ढुलियाना गांव में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से रास्ता और सरकारी नाला कब्जे में कर बैठे 40 किसानों के अवैध अतिक्रमण हटवा दिए। तहसीलदार सुंदरलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में दो जेसीबी और दो ट्रैक्टरों की मदद से करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में फैले कब्जों को ध्वस्त किया गया।
ग्रामीणों ने लंबे समय से शिकायत कर रखी थी कि रास्ता और नाले पर कुछ लोगों ने पत्थरों की दीवारें खड़ी कर, कांटेदार झाड़ियों से बाड़ाबंदी कर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया था। इससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन मौके पर पहुंचा और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
तहसीलदार सुंदरलाल मीणा ने बताया कि ग्रामीणों की लगातार आ रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पत्थरों की चुनाई को जेसीबी से तोड़कर हटाया गया और कब्जे में लिए गए पत्थरों को पंचायत को सुपुर्द किया गया। कुछ लोगों ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश भी की, लेकिन प्रशासन ने किसी का दबाव नहीं माना और सख्ती से अतिक्रमण हटवाया।
अतिक्रमण हटते ही वर्षों से बंद पड़ा रास्ता और नाला साफ रूप में दिखाई देने लगा। ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्रवाई के दौरान भू-अभिलेख निरीक्षक हरलाल पूर्बिया, मोहनलाल तेली, पटवारी कुलदीप खटीक, सुनील मीणा, भूरालाल मीणा, अंशुमान सिंह चारण, पसंस विजय गुर्जर सहित दो दर्जन से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे।














































