लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर – मनीष पारीक, नावां सिटी।
नावां सिटी के ग्राम गुढ़ा साल्ट में देर रात चोरों ने एक ही परिवार के दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने–चांदी के आभूषण और ₹52,000 नकद चोरी कर लिए। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गुढ़ा साल्ट निवासी शक्ति सिंह पुत्र खिवसिंह के घर में चोर रात के अंधेरे में घुसे और कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे कीमती जेवरात और नकदी ले गए। परिजन रात में घर पर ही सो रहे थे। जिस कमरे में चोरी हुई, वह बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया गया था।
सुबह करीब 3 बजे शक्ति सिंह की माता जब उठीं और कमरे का दरवाजा खोलना चाहा तो बाहर से कुंडी लगी मिली। इसके बाद शक्ति सिंह के चाचा को फोन कर बुलाया गया। कमरे में प्रवेश करने पर सामान बिखरा मिला और जेवरात व नकदी चोरी पाए गए। अनुमान है कि चोरी रात 1 से 3 बजे के बीच हुई।
चोरी गया सामान
-
2 सोने की अंगूठियाँ
-
1 सोने की राखड़ी
-
1 जोड़ी सोने के झूमर
-
4 जोड़ी पुरुषों के कान के लोंग
-
1 सोने का पेंडल
-
5 चांदी के सिक्के
-
आधा किलो वजनी चांदी के कड़े
-
लगभग 40 तोला चांदी के अन्य आभूषण
-
₹52,000 नकद
इसके अतिरिक्त, चोरों ने शक्ति सिंह के चाचा गोपाल सिंह के घर का भी ताला तोड़कर दो चांदी की पायजेब चुरा ली।
परिजनों ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पहले भी घर में लाखों की चोरी हुई थी, जिसका खुलासा आज तक नहीं हो सका है।
सूचना पर नावां सहायक थाना अधिकारी जगराम मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही डीडवाना से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं कराया गया था। पुलिस विभिन्न कोणों से जांच कर रही है और जल्द वारदात का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।














































