लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मतदाता सूची पुनरीक्षण में बढ़ी भागीदारी—बूथ 157 पर जनजागरूकता अभियान तेज
सत्यनारायण सेन, गुरला
गंगापुर। वार्ड संख्या 6 में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को मंगलवार को विशेष गति मिली। बूथ संख्या 157 पर बीएलओ मनोज मीणा, आशा सहयोगिनी कंकु देवी राणवा, कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी एवं बीएलए रामप्रसाद माली ने संयुक्त रूप से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया और उन्हें मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूक किया।
अभियान के दौरान टीम ने लोगों को आवश्यक फॉर्म उपलब्ध करवाए और कई परिवारों के फॉर्म मौके पर ही भरवाए। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाना हर पात्र नागरिक का महत्वपूर्ण दायित्व है और सभी को निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
रामप्रसाद माली ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि “नागरिक की आवाज तब ही प्रभावी बनती है जब वह मतदाता सूची में दर्ज होती है। सभी पात्र व्यक्तियों को इस पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।”
स्थानीय निवासियों ने संयुक्त प्रयासों का स्वागत किया और कहा कि इस प्रकार के अभियानों से लोगों में जागरूकता बढ़ती है तथा अधिक लोग स्वयं आगे आकर नाम जुड़वाने की पहल कर रहे हैं।
प्रशासन ने भी संदेश जारी कर सभी पात्र नागरिकों से समय पर फॉर्म जमा करवाने की अपील की है, ताकि आगामी चुनावों में हर मतदाता अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।


















































