लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगापुर सिटी सवाई माधोपुर बनी सिंह मीना
गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर। सदर थाना क्षेत्र के उघाड़मल बालाजी के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे को गंभीर अवस्था में जयपुर रेफर करना पड़ा।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी सीधी टक्कर
जानकारी के अनुसार भुडेरड़ा गांव निवासी मुकेश गुर्जर (18) पुत्र मुरारी गुर्जर और लखन गुर्जर पुत्र हनुमान गुर्जर बाइक से सवाई माधोपुर से गंगापुर सिटी की ओर आ रहे थे। उघाड़मल बालाजी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मुकेश गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। लखन गुर्जर को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हाईवे पर जाम जैसी स्थिति
हादसे की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया, बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दुर्घटना के बाद गंगापुर–सवाई माधोपुर हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित करते हुए मार्ग को जल्द सामान्य कराया।
क्षेत्र में शोक, सड़क सुरक्षा की मांग
हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने कहा कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा के सख्त उपाय किए जाने आवश्यक हैं।













































