लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। राजकीय महाविद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के तहत छात्राओं के लिए कानूनी जानकारी पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य पानमल पाहाड़िया की अध्यक्षता में हुआ।
मुख्य अतिथि अधिवक्ता एवं अभिभावक संघ अध्यक्ष नमो नारायण गौतम ने छात्राओं को महिलाओं से जुड़े कानूनी अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ सहित विभिन्न अपराधों में उपलब्ध कानूनी संरक्षण और आपात स्थिति में पुलिस व न्यायिक अधिकारियों से संपर्क करने की सही प्रक्रिया समझाई।
प्राचार्य पाहाड़िया ने कहा कि उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि कानूनी रूप से भी सशक्त बनाना है, ताकि वे निडर होकर अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें। शिविर प्रभारी श्रीमती दिव्या कुमारी मीणा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सत्र छात्राओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
















































