लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबड़ी स्थानीय संघ के द्वितीय व तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का ध्वजारोहण समारोह के साथ समापन
पादूकलां | संवाददाता
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड, स्थानीय संघ रियांबड़ी के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय एवं तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का समापन बुधवार को श्री श्याम मंदिर लखदातार स्टेडियम परिसर में ध्वजारोहण समारोह के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री श्याम मंदिर के पुजारी पुखराज शास्त्री, विशिष्ट अतिथि श्रवणराम जोशी एवं दिनेश फडोलिया रहे, जबकि अध्यक्षता स्थानीय संघ सचिव बलदेवराम जयपाल ने की।
मुख्य अतिथि पुखराज शास्त्री ने कहा कि “स्काउट-गाइड का प्रशिक्षण केवल अनुशासन नहीं, बल्कि जीवन को उद्देश्यपूर्ण और सेवा भावना से भरने का माध्यम है।” उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि श्रवणराम जोशी ने कहा —
“स्काउट यूनिफॉर्म पहनने से अनुशासन का भाव स्वाभाविक रूप से जागृत होता है। हर बालक को इस गतिविधि से जुड़कर अपने जीवन को अनुशासित, सेवाभावी और आत्मनिर्भर बनाना चाहिए।”
उन्होंने रियांबड़ी स्काउट संगठन की अनुशासित कार्यशैली और उत्कृष्ट छवि की सराहना की।
वरिष्ठ स्काउटर दिनेश फडोलिया ने कहा कि “शिविर में सीखे गए कौशल तभी सार्थक हैं जब उन्हें जीवन में उतारा जाए।”
अध्यक्ष बलदेवराम जयपाल ने कहा कि स्काउटिंग युवाओं को जीवनोपयोगी दक्षताओं से सशक्त बनाती है, और हर स्काउट को विभिन्न क्षमताओं में प्रवीण बनने का प्रयास करना चाहिए।
यह प्रशिक्षण शिविर 7 से 12 नवंबर तक चला, जिसमें प्रतिभागियों को अनुशासन, प्राथमिक उपचार, टीम भावना, नेतृत्व, पर्यावरण संरक्षण व सेवा कार्यों की विविध विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर संचालन में नेमाराम कासनिया (द्वितीय सोपान), दिनेश फडोलिया (तृतीय सोपान), तथा गाइड शिविर संचालक सुनिता वैष्णव, संतोष डिडेल, मोनिका वर्मा, सरोज पूनिया, राजकुमारी पंचोली और प्रियंका शर्मा सक्रिय रहीं।
समापन अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें सभी ने राष्ट्रहित व मानवता की सेवा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में धर्माराम तेतरवाल, जयसिंह राठौड़, सुखराम पलिया, सुशीलकुमार बेरवाल, शंकरलाल मुवाल, रतनाराम धायल, अजयसिंह, राधाकृष्ण प्रजापत, विनोद शर्मा, मुकेश कापड़ी, गजेंद्र शर्मा, सुनील सैन, कविता चौधरी, रेखा बारसा, दीपा रानी आदि उपस्थित रहे।


















































