लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे के मेवड़ा मोड़ पर मंगलवार शाम करीब 7:40 बजे झूलते विद्युत तारों के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक गुजरते ट्रक में झूलते तार फंसने से सर्विस लाइन टूटकर नीचे गिर गई, जिससे पास के ट्रांसफार्मर में जोरदार विस्फोट हुआ और देखते ही देखते भीषण आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार ट्रक के ऊपरी हिस्से में फंसने से ट्रक में करंट दौड़ गया। चालक ने तत्परता दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। थोड़ी ही देर में स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी और सर्विस लाइन को कटवाया, तब जाकर बड़ा खतरा टला।
घटना स्थल के पास स्थित पारसी लाइब्रेरी में उस समय करीब 20 से 30 बच्चे अध्ययन कर रहे थे। अचानक हुए धमाके और चिंगारियों से बच्चों में भगदड़ मच गई, लेकिन परिजनों और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा हादसा गंभीर हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि झूलती सर्विस लाइन की शिकायत कई बार बिजली विभाग को दी गई थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मांग की कि खतरनाक तारों और ढीली लाइनों की तत्काल मरम्मत की जाए और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
















































