लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। नागौर जिले की भेरूंदा पंचायत समिति के ग्राम पंचायत निंबोला बिस्वा निवासी सोहनलाल जाट ने महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनका शोध कार्य प्रो. डॉ. मनोज अवस्थी के निर्देशन में संपन्न हुआ, जबकि मूल्यांकन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के उप कुलपति प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने किया।
वर्तमान में डॉ. सोहनलाल जाट राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डोडियाना (नागौर) में उप प्रधानाचार्य पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा और नवाचारपूर्ण प्रयासों को व्यापक सराहना मिली है।
कोरोना काल के दौरान उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से राजस्थान के हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़े रखा, जिससे वे पढ़ाई से वंचित नहीं रहे। उनके इस योगदान को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया गया था।
डॉ. जाट द्वारा तैयार की गई ऑनलाइन अध्ययन सामग्री आज भी विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है। उन्होंने शिक्षा में तकनीक और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिससे वे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं।
गांव में इस उपलब्धि को लेकर खुशी की लहर है और परिजनों व मित्रों के दूरभाष पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
















































