लाल किला के पास बड़ा धमाका, 10 की मौत, 24 घायल; राजधानी हाई अलर्ट

0
123
- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दिल्ली में लाल किला के पास आतंकी हमला
दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक इको वैन में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी 5 से 6 गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
धमाके में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। मृतकों के शव और घायलों को लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया है। मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
धमाका कैसे हुआ?
सूत्रों के अनुसार, विस्फोट लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुआ। धमाके की आवाज कई सौ मीटर दूर तक सुनी गई। नजदीकी स्ट्रीट लाइटें टूट गईं और सड़क पर मलबा फैल गया। चांदनी चौक और आसपास के बाजारों को तत्काल बंद करवा दिया गया है।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना शाम 6:55 बजे मिली। दिल्ली पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया।
फोरेंसिक विशेषज्ञ, बम निरोधक दस्ते और तकनीकी टीमें विस्फोटक सामग्री की जांच में जुट गई हैं। शुरुआती अंदेशा हाई-इंटेंसिटी ब्लास्ट होने का है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं है।
NIA टीम भी रवाना
घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम भी मौके पर भेजी जा रही है। जांच में यह देखा जाएगा कि घटना दुर्घटना है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।
प्रशासन अलर्ट पर
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज और अधिकारियों ने LNJP अस्पताल में घायलों का हाल जाना।
बीजेपी और केंद्र सरकार के सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सभी एजेंसियों को समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली में हाई अलर्ट
घटना के तुरंत बाद पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
संवेदनशील जगहों, बाजारों, मेट्रो स्टेशनों और सरकारी स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
स्थानीय लोगों की गवाही
आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि उन्हें कुछ पल के लिए जमीन तक कंपकंपाती महसूस हुई। कई लोग खिड़कियों तक से बाहर झांकते हुए दौड़ पड़े।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here