लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार प्रदेश में सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए सड़कों के विकास कार्य को प्राथमिकता से आगे बढ़ा रही है। सरकार ने अब तक 24,976 करोड़ रुपये व्यय कर 36,140 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य में सड़कों के निर्माण, चौड़ाईकरण, क्रमोन्नयन और सुदृढ़ीकरण के कार्य गुणवत्ता और गति दोनों के साथ पूरे किए जा रहे हैं।
12,391 नए सड़क कार्य स्वीकृत
प्रदेश में 28,600 किलोमीटर लंबी सड़कों के विकास हेतु 14,816 करोड़ रुपये की लागत से 12,391 कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों को सड़कों से जोड़ने के लिए अब तक 1,564 गांवों और बसावटों को जोड़ा गया है। इसके अलावा,
-
3,543 किमी मिसिंग लिंक सड़कों के लिए 1,328 करोड़ रुपये,
-
तथा 327 अटल प्रगति पथों के लिए 813 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

राज्य राजमार्गों का तेजी से विस्तार
राज्य में पिछले 22 महीनों में 6,249 किलोमीटर लंबाई के राज्य राजमार्गों का विकास 8,194 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
साथ ही 2,547 करोड़ रुपये की लागत से 8 नए राजमार्गों पर कार्य प्रगति पर है।
5,000 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों को मुख्य जिला सड़कों में क्रमोन्नत किया गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग और आरओबी से यात्रा हो रही सुरक्षित
डबल इंजन सरकार के तहत राष्ट्रीय राजमार्गों का सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण तेज़ी से हो रहा है।
अब तक 600 किलोमीटर लंबाई के राजमार्गों का काम पूरा हो चुका है, जबकि 457 किलोमीटर पर कार्य जारी है।
रेलवे क्रॉसिंग को सुरक्षित बनाने के लिए 10 आरओबी और 14 आरयूबी पूरे हो चुके हैं।
इसके अलावा 33 आरओबी, 14 आरयूबी और 15 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण कार्य जारी है।
गांवों से शहर तक फैलते सड़क नेटवर्क से अब आमजन का आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो रहा है। मुख्यमंत्री शर्मा का कहना है कि सड़कें ही विकास की धमनियां हैं, और सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
















































