लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
लौह पुरुष ने रियासतों का विलय कर बनाया सशक्त भारत, युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद रियासतों का विलय कर एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया। उन्होंने लोगों के दिलों में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना जगाई। पटेल का लक्ष्य एक ऐसे भारत का निर्माण करना था जो विविधता में एकता का प्रतीक हो, और यह विचार आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे हर परिस्थिति में राष्ट्रहित और राष्ट्रीय एकता को सर्वोपरि रखें, ताकि एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो सके।
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘एकता मार्च’ का आयोजन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘सरदार/150’ कार्यक्रम के तहत आयोजित एकता मार्च को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के समय देश की 560 से अधिक रियासतों में से कुछ स्वतंत्र रहना चाहती थीं, लेकिन सरदार पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व से सभी रियासतें भारत का हिस्सा बनीं।
उन्होंने कहा कि पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल कूटनीति से जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतें भी भारत का अभिन्न अंग बन सकीं। उनके कारण ही आधुनिक भारत की परिकल्पना संभव हो पाई।
मुख्यमंत्री ने किया 3 किलोमीटर का पैदल मार्च
‘एकता मार्च’ के तहत मुख्यमंत्री शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज हाथ में थामे गांधी सर्किल से अमर जवान ज्योति तक लगभग 3 किलोमीटर का पैदल मार्च किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में आमजन, जनप्रतिनिधि, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, स्काउट-गाइड, खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
पूरा वातावरण देशभक्ति और एकता के नारों से गुंजायमान रहा। आमजन ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। अमर जवान ज्योति पहुंचकर मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, खेल एवं युवा मामलात मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
“धारा 370 हटाकर प्रधानमंत्री मोदी ने पूरा किया सरदार पटेल का सपना”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की केवल कश्मीर के मामले में नहीं मानी गई और वहाँ धारा 370 जैसी व्यवस्था लागू कर दी गई थी।
लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल का अधूरा सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि “धारा 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है — यह सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”

“सरकार युवाओं को सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध”
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 91,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियाँ दी गई हैं और 1.5 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
साथ ही, युवा उद्यमियों को 140 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। युवा मेहनत से तैयारी करें, सरकार उनके साथ खड़ी है।”
“विकसित राजस्थान–विकसित भारत का संकल्प”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एकता पखवाड़े के तहत आयोजित यह एकता मार्च, ‘विकसित राजस्थान–विकसित भारत’ के सपने को साकार करने का संकल्प है।
उन्होंने कहा, “जैसे सरदार पटेल ने 560 रियासतों को एक सूत्र में पिरोया, वैसे ही हमें विविधता में एकता को मजबूत करना है।”
शर्मा ने कहा कि भारत का युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। जब युवा शक्ति जागृत होती है, तब कोई लक्ष्य असंभव नहीं रहता।
उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के सपनों का भारत साकार करने में सक्रिय भागीदार बनें।
आत्मनिर्भर भारत की शपथ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आमजन को आत्मनिर्भर भारत की शपथ भी दिलाई।
इससे पूर्व उन्होंने सरदार पटेल और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, विधायक कालीचरण सराफ, जितेंद्र गोठवाल, गोपाल शर्मा, डॉ. कैलाश वर्मा, बालमुकुंदाचार्य, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।



















































