लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
गौमाता की पूजा, हवन, भजन संध्या और अन्नकूट महाप्रसाद का आयोजन
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक), लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क।
सर्वसुखदायिनी गौमाता की आराधना का पावन पर्व गोपाष्टमी शुक्रवार को उनियारा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर गौधन संवर्द्धन गौशाला तथा श्री कामधेनु गोपाल गौशाला में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गोभक्तों ने भाग लिया।
गौधन संवर्द्धन गोशाला में पूजा-अर्चना और गौसेवा
रीको इंडस्ट्री एरिया के पास स्थित गौ संवर्द्धन गोशाला में समिति पदाधिकारियों और गोभक्तों ने गौमाता का विधिवत पूजन किया।
गौमाता को गुड़ के लड्डू, दलिया और हरा चारा खिलाया गया।
इस अवसर पर गोशाला सेवा समिति की ओर से गोपालकों को दुपट्टा और महिलाओं को चुनड़ी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
सभी ने देश, प्रदेश और नगर की समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामनाएं कीं।
कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष शंकरलाल ठाड़ा, गोशाला अध्यक्ष किशनबिहारी शर्मा, मदन मोहन आकड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष ममता साहू, रविशंकर शर्मा, नमो नारायण गोत्तम, लक्ष्मी कांत खंडेलवाल, जगदीश साहू, सुरेश कुमावत, आशा राम चौधरी, बालकिशन शर्मा, रामगोपाल खंडेलवाल, मुरली बड़ाया, अनीता बड़ाया, किशन खंडेलवाल, घासी लाल जैन सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
️ श्री कामधेनु गोपाल गौशाला में हवन, भजन संध्या और अन्नकूट प्रसादी
श्री कामधेनु गोपाल गौशाला में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हवन एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके पश्चात भजन संध्या में भक्तों ने भक्ति गीतों पर श्रद्धा भाव से सहभागिता की।
समारोह में गौसेवकों का सम्मान भी किया गया।
शाम 5 बजे से अन्नकूट महाप्रसादी पंगत लगाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर गौशाला पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगर के अनेक भक्तजन उपस्थित रहे।



















































