लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत राजीविका द्वारा गठित स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं का तीन दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण जिला कार्यालय में आयोजित किया गया।
राजीविका की जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. सुमन अजमेरा ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को साइबर क्राइम से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पुलिस थाना कांकरोली की साइबर सेल हेड कांस्टेबल सीता शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फेक लिंक, ओटीपी फ्रॉड, बैंक कॉलिंग और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहना जरूरी है।
महिलाओं को सलाह दी गई कि —
-
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें,
-
ओटीपी, पासवर्ड या बैंक डिटेल किसी के साथ साझा न करें,
-
ऑनलाइन खरीदारी केवल विश्वसनीय वेबसाइटों से करें,
-
और किसी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 112 या 1930 पर संपर्क करें।
जिला प्रबंधक भेरूलाल बुनकर ने उपस्थित महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने परिवार और समुदाय में भी साइबर सुरक्षा जागरूकता फैलाएँ ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में ठगी और धोखाधड़ी की घटनाएँ कम हों।
प्रशिक्षण में डीआरसी हेड प्रीति लोधा, ब्लॉक परियोजना प्रबंधक पुनीत पालीवाल, मास्टर ट्रेनर ज्योत्स्ना सहित अन्य राजीविका स्टाफ उपस्थित रहे।















































