लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
“डोटासरा स्वयं जैसा ना समझें भाजपा के शिक्षा मंत्री को, मदन दिलावर ईमानदार और संस्कारित” — मदन राठौड़
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क | जयपुर
(रिपोर्ट — रूपनारायण सांवरिया)
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की प्रेस वार्ता पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि डोटासरा के बयान न केवल निराधार हैं, बल्कि वे जनता की संवेदनाओं का भी अपमान करते हैं।
राठौड़ ने कहा कि डोटासरा द्वारा प्रेसवार्ता में “गरीब जैसे दिखते हैं” जैसे उपहासजनक शब्दों का प्रयोग अनुचित है। एक सार्वजनिक नेता को आत्म-विश्लेषण करना चाहिए — पहले अपने गिरेबान में झाँकें और फिर जनता के सामने बयान दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को विपक्ष की जिम्मेदारियाँ सीखनी चाहिए। सत्ता के लिए “जलेबी रेस” जैसी भाषा और हर हाल में सत्ता पाने की हड़बड़ी लोकतंत्र के प्रति घोर अनादर है।
“मदन दिलावर ईमानदार और संस्कारित”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डोटासरा ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के प्रति जो टिप्पणी की, वह असंवेदनशील है।
“मदन दिलावर ईमानदार और संस्कारित व्यक्ति हैं। डोटासरा जी जैसे आप हैं, वैसा सबको मत समझिए,”
राठौड़ ने कहा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में सांप्रदायिक घटनाएं अधिक होती थीं, जबकि भाजपा सरकार ने विकास और कानून-व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित कर सामाजिक सामंजस्य बढ़ाया है। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि बार-बार भड़काने की राजनीति अब काम नहीं करेगी।
“कांग्रेस में ऊपर से चलती है पार्टी”
कांग्रेस के संगठन को लेकर राठौड़ ने कहा कि पार्टी में निर्णय ऊपर से थोपे जाते हैं, जबकि भाजपा का संगठन नीचे से ऊपर तक सक्रिय और मजबूत है। हाल ही में हुए 80 पंचायत, उपचुनाव, वार्ड और परिषद चुनावों में से 68 में भाजपा की जीत इसका प्रमाण है।
कांग्रेस द्वारा लगाए गए “चुनाव से भागने” के आरोपों को उन्होंने हास्यास्पद बताया और कहा कि भाजपा हमेशा जनादेश का सम्मान करती है।
“नेताओं को शब्दों के चयन में सतर्कता रखनी चाहिए”
राठौड़ ने कहा कि प्रेस वार्ता में चुनाव आयुक्त और न्यायपालिका से जुड़ी व्यक्तिगत बातें सार्वजनिक करना अनुचित है।
“यदि चुनाव आयुक्त ने आपसे कुछ व्यक्तिगत बातें की हैं, तो उन्हें प्रेसवार्ता में साझा करना गलत है।
और ‘बकरे की मां कब तक खैर मनाएगी’ जैसे शब्द किसी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देते।”
“भाजपा विकास और सुशासन की राह पर”
राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा सरकार जनता के विकास, रोजगार, महिला सुरक्षा और पारदर्शी शासन के लिए सतत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा —
“कांग्रेस जितना झूठ बोलेगी, जनता उतना ही सच समझेगी। भाजपा जनता के भरोसे और राष्ट्रहित के मार्ग पर अडिग है। हमारी प्राथमिकता विकास, सुशासन और सामाजिक सौहार्द है, न कि बयानबाज़ी और भ्रम फैलाना।”
राठौड़ ने अंत में कहा कि राजस्थान की जनता अब कांग्रेस की नकारात्मक, जातिगत और वोट बैंक वाली राजनीति को अस्वीकार कर चुकी है। भाजपा की सरकार जनता के विश्वास और सेवा के बल पर चल रही है, और यही लोकतंत्र की असली ताकत है।

















































