लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
अंता उपचुनाव में भाजपा स्पष्ट रूप से जीत की ओर अग्रसर — संगठन मजबूत, उम्मीदवार निस्कलंक : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क | जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण और शुद्धिकरण की प्रक्रिया को देशहित में उठाया गया आवश्यक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआरआर) लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और मताधिकार के दुरुपयोग को रोकने में सहायक सिद्ध होगा।
राठौड़ ने कहा कि निर्वाचन आयोग की यह प्रक्रिया मृत व्यक्तियों के नाम हटाने और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर केंद्रित है। इससे मतदाता सूचियों की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश कुछ राजनीतिक दलों ने अपने स्वार्थवश घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में जोड़वाने का प्रयास किया, जो लोकतंत्र के लिए घातक है। ऐसे अवैध नामों को हटाना पूरी तरह देशहित में उचित कदम है।
उन्होंने विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए कहा कि “जो दल इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं, वे वास्तव में अपने वोट बैंक की राजनीति बचाने में लगे हैं, न कि लोकतंत्र की रक्षा में।”
राठौड़ ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण में सक्रिय भागीदारी करें, पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाएं और फर्जी नामों को हटवाने में सहयोग दें।
भाजपा की अंता उपचुनाव में स्पष्ट बढ़त का दावा
प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि अंता विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन अनुशासित, सशक्त और जनता से सीधा जुड़ा हुआ है। साथ ही पार्टी ने निष्कलंक व सेवा भावी उम्मीदवार को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार पर भ्रष्टाचार और आपराधिक प्रकरणों के आरोप हैं।
उन्होंने कहा कि जनता अब भली-भांति समझ चुकी है कि “जो व्यक्ति केवल सत्ता पाने की लालसा से राजनीति में आता है, वह जनसेवा नहीं कर सकता।”
किसानों की फसल क्षति पर चिंता
बेमौसम बारिश को लेकर राठौड़ ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में फसलों को नुकसान की आशंका है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल गिरदावरी कराई जाए ताकि नुकसान का आकलन कर किसानों को शीघ्र राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ा है और उनकी पीड़ा को लेकर संवेदनशील है।


















































