लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जलाशय तट पर जुटे सैकड़ों ग्रामीण, परंपरा के साथ मनाया गया पर्व
गौतम शर्मा, राजसमन्द।
राजसमन्द जिले की गलवा ग्राम पंचायत के करतवास गांव में दीपावली पर्व के अवसर पर गुर्जर समाज के सैकड़ों लोग जलाशय तट पर एकत्रित हुए और पारंपरिक रीति से पितृ तर्पण कर अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समाजजनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पितरों को नैवेद्य अर्पित किया और परिवार तथा ग्राम की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान वातावरण पूर्णतः श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत रहा।
पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा
गांव के समाजसेवी किशन लाल गुर्जर ने बताया कि करतवास गांव में गुर्जर समाज द्वारा दीपावली के दिन सामूहिक पितृ तर्पण की यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है। हर वर्ष समाज के लोग जलाशय किनारे एकत्र होकर पूर्वजों का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर महिलाओं और युवाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और अपने परिवार के दिवंगत पूर्वजों के प्रति भावपूर्ण श्रद्धा व्यक्त की।
सांस्कृतिक एकता और श्रद्धा का वातावरण
पूरे ग्राम में इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक एकता का विशेष माहौल देखने को मिला। तर्पण और पूजा-अर्चना के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें समाज बंधुओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

















































