लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बारां, । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत पारीक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उपचुनाव में इतिहास रचने जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि अन्ता विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन शानदार जीत दर्ज करेंगे।
शनिवार को मोरपाल सुमन के नामांकन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में पारीक ने कहा कि भाजपा ने हमेशा कार्यकर्ता को ही प्राथमिकता दी है। पार्टी संसदीय दल ने एक सामान्य कार्यकर्ता को टिकट देकर यह साबित कर दिया है कि हमारे संगठन में बूथ अध्यक्ष से लेकर विधायक तक बनने का अवसर समान रूप से उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने क्षेत्रवासियों की मांग पर उन्हीं के बीच के कार्यकर्ता को मैदान में उतारा है और अब क्षेत्र की जनता उन पर विजय का तिलक करेगी।
पारीक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया है जिन पर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय भरत सिंह ने भी इस प्रत्याशी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। पारीक ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में अंता और बारां जिले में विकास की गंगा बही है—सिंचाई, कृषि, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में बड़े काम हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों ने जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने में कोई कमी नहीं रखी। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के प्रत्याशी ने मंत्री रहते हुए भ्रष्टाचार में लिप्त रहते हुए अवैध खनन को बढ़ावा दिया। भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते उन्हें एक बार मंत्री पद तक छोड़ना पड़ा था।
पारीक ने कहा, “कांग्रेस अब आमजन के मन से उतर चुकी है। अन्ता की जनता ने भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन को विजयी बनाकर विधानसभा भेजने का मन बना लिया है।”
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता एकजुट हैं और जनता कमल का फूल खिलाकर क्षेत्र के विकास की नई कहानी लिखेगी।













































