लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— 50.88 करोड़ की लागत से बनेगा 150 बेड का आधुनिक अस्पताल
भरतपुर/जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को भरतपुर जिले के नदबई में बनने वाले राजकीय जिला अस्पताल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अस्पताल की निर्माण लागत लगभग ₹50.88 करोड़ होगी और इसमें 150 बेड की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस परियोजना से क्षेत्र के हजारों लोगों को घर के नजदीक ही बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नदबई में जिला अस्पताल बनने से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक जगत सिंह, बहादुर सिंह, डॉ. शैलेश सिंह, डॉ. ऋतु बनावत, नौक्षम सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।













































