लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
पिता के आदर्शों और मेहनत से मिली सफलता, गांव में खुशी की लहर
पादूकलां। जिले की पंचायत समिति के ग्राम पंचायत निवासी अंजनी कुमार लखावत ने (आरएएस) में 7वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
अंजनी वर्तमान में लोकल फंड ऑडिट विभाग, अजमेर में सहायक लेखा अधिकारी (एएओ-1) के पद पर कार्यरत हैं।
गांव में जश्न और मिठाइयों का दौर
अंजनी की इस शानदार उपलब्धि से टेहला गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिजनों ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर इस सफलता का जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अंजनी को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की।
पिता के आदर्शों से मिली प्रेरणा
अंजनी एक सामान्य किसान परिवार से हैं। उनके पिता चतुर्भुज लखावत किसान थे, जबकि माता राजकंवर देवी गृहिणी हैं। अंजनी के भाई पंजाब नेशनल बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
अपनी सफलता पर अंजनी ने कहा,
“पिता ने हमेशा ईमानदारी और परिश्रम से जीवन जीने की सीख दी। उन्हीं आदर्शों पर चलते हुए आज यह मुकाम हासिल हुआ है।”
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
ग्रामीणों ने कहा कि अंजनी लखावत की सफलता से यह सिद्ध हुआ है कि सीमित संसाधनों में भी यदि मेहनत, अनुशासन और लगन हो तो हर सपना पूरा किया जा सकता है। राज्य प्रशासनिक सेवा में उनका चयन क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।















































