लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सरकारी योजनाओं की प्रगति जानी, स्वास्थ्य जांच और किसानों को जागरूक करने पर दिया जोर
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक) राजेंद्र गुर्जर (विधायक, देवली-उनियारा) और कल्पना अग्रवाल (जिला कलेक्टर) ने गुरुवार को उपखंड क्षेत्र की ककोड़ एवं रूपवास पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉल पर जाकर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य जांच और किसानों पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग के बीसीएमएचओ मनीष लोदी और मेडिकल ऑफिसर को निर्देश दिया कि 30 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक महिला की ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। पुरुषों में बीपी और शुगर की जांच भी प्राथमिकता से की जाए।
साथ ही किसानों को जागरूक कर फार्मर रजिस्ट्री बनाने के कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
अनुपयोगी भवनों के उपयोग पर निर्देश
जिला कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी सोहन सिंह नरूका को निर्देशित किया कि उपखंड क्षेत्र में जो भी सरकारी भवन अनुपयोगी हैं या किराये पर भवन लिए गए हैं, उन्हें चिन्हित कर आवश्यकतानुसार शासकीय कार्यों के लिए उपयोग में लाया जाए। उन्होंने कहा कि इन भवनों की सार-संभाल भी की जाएगी और नए भवन की आवश्यकता वाले विभागों को यहीं शिफ्ट किया जाएगा।
ग्रामीण मांगों पर त्वरित कार्यवाही
विकास अधिकारी शंकर सिंह को ग्रामीणों की मांग पर मनरेगा में श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
नहरों की सफाई को लेकर स्थानीय विधायक ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को समय पर कार्रवाई करने को कहा।
पात्रों को योजनाओं का लाभ
विधायक और जिला कलेक्टर ने शिविर में आए पात्र लाभार्थियों को आवासीय पट्टे वितरित किए और लाड़ो प्रोत्साहन योजना समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया। इस मौके पर जिला कलेक्टर के निजी सहायक अरविंद पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।















































