लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बीकानेर, संवाददाता: विजय कपूर – सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा आयोजित वार्षिक प्रतिष्ठित गोल्फर्स टूर्नामेंट का उद्घाटन आज बीएसएफ कैंप, बीकानेर में हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एम. एल. गर्ग, आई.जी. राजस्थान फ्रंटियर रहे।
बीएसएफ सेक्टर हैडक्वार्टर के डीआईजी अजय लूथरा ने बताया कि इस दो दिवसीय टूर्नामेंट में देशभर के विभिन्न मुख्यालयों और फ्रंटियर्स से कुल 84 अधिकारी भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से एम. एल. गर्ग, डॉ. अतुल फुलझेले, मनिंदर प्रताप सिंह पंवार, हरिलाल, आलोक कुमार और डॉ. आशीष कुमार शामिल थे। इसके अलावा 20 डीआईजी और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी प्रतियोगिता का हिस्सा बने।
बीएसएफ कैंप के गोल्फ ग्राउंड को इस टूर्नामेंट के लिए विशेष रूप से विकसित और सजाया गया है। इसके रखरखाव और तैयारी में एम. एल. गर्ग, पुष्पेंद्र सिंह राठौर और अजय लूथरा का योगदान महत्वपूर्ण रहा।
डीआईजी अजय लूथरा ने कहा, “इस टूर्नामेंट के माध्यम से बीएसएफ की राष्ट्रीय स्तर की गोल्फ टीम का गठन किया जाएगा। बल खेलों के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है, हाल ही में फुटबॉल टीम का गठन किया गया है और ‘योग डे’ व ‘रन फॉर फन’ जैसे आयोजन भी खेल संस्कृति को मजबूत कर रहे हैं।”
आईजीआईसीटी मनिंदर प्रताप सिंह पंवार ने कहा, “राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन बीकानेर में होना और राजस्थान में सुंदर गोल्फ कोर्स का निर्माण तथा संचालन स्वयं में अद्भुत है। बीएसएफ खेलों के माध्यम से अनुशासन, स्वास्थ्य और सौहार्द को बढ़ावा दे रहा है।”
यह दो दिवसीय टूर्नामेंट 16 और 17 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता के समापन पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गोल्फर्स को मेडल और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। बीएसएफ बीकानेर मुख्यालय ने बताया कि यह आयोजन खेल भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अधिकारियों और जवानों के बीच आपसी सामंजस्य, फिटनेस और टीम स्पिरिट को भी मजबूत करता है।


















































