लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
अजमेर, संवाददाता: नितिन मेहरा – जल संसाधन मंत्री और पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने आज पुष्कर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नदी-2 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में दो कक्षा-कक्ष और बरामदे का लोकार्पण किया। इस विकास कार्य पर कुल 24.58 लाख रूपए की लागत आई है।
लोकार्पण समारोह में विद्यालय परिसर में ग्रामीण और छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल रहा। बालिकाओं ने मंत्री रावत का पारंपरिक तिलक लगाकर और रक्षासूत्र बांधकर स्वागत किया, वहीं ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण से उनका अभिनंदन किया।
ग्रामीणों ने विद्यालय को उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत कराने के लिए मंत्री रावत का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि मंत्री रावत के प्रयासों से ग्रामीण शिक्षा को नई ऊर्जा और दिशा मिल रही है।
मंत्री रावत ने कहा, “गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था ही समाज की प्रगति का आधार है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर विद्यार्थी को बेहतर शिक्षण वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। विद्यालय क्रमोन्नयन और विकास कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण और सुविधाएं प्राप्त होंगी।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री रावत के जनसेवी प्रयासों की सराहना की और क्षेत्र में हो रहे सतत विकास कार्यों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

















































