लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) – इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) राजस्थान शाखा के तत्वावधान में ’49वां राजस्थान स्टेट वार्षिक सम्मेलन – राजपेडिकॉन 2025′ का भव्य आयोजन 11 और 12 अक्टूबर 2025 को होटल ग्लोरिया इन में किया जाएगा। यह आयोजन भीलवाड़ा में 33 साल बाद हो रहा है और इसे लेकर आयोजकों में विशेष उत्साह है।
सम्मेलन की थीम ‘Brilliant Wings with Basic’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य बाल चिकित्सा के आधारभूत ज्ञान को मजबूत करना और बाल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना है।
देश-विदेश के विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन
ऑर्गेनाइजिंग चेयरपर्सन डॉ. अतुल हेड़ा ने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश से बाल रोग विशेषज्ञ, चिकित्सक और विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस दौरान नवीनतम चिकित्सा अनुसंधान, आधुनिक उपचार पद्धतियां, टीकाकरण, नवजात शिशु देखभाल और बाल स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा होगी।
प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप
डॉ. कुलदीप सिंह राजपूत, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी ने बताया कि सम्मेलन से एक दिन पूर्व, 10 अक्टूबर 2025 को प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। इसमें बाल चिकित्सा के विभिन्न व्यावहारिक और प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे, जो प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगे।
500 से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल
सम्मेलन संरक्षक डॉ. ए.एल. पांड्या और डॉ. राजेश छापरवाल ने बताया कि राजस्थान सहित आसपास के राज्यों से 500 से अधिक प्रतिभागी सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके अलावा, देशभर से आए प्रख्यात विशेषज्ञ (Eminent National Faculty) अपने अनुभव और ज्ञान को प्रतिभागियों के साथ साझा करेंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य न केवल चिकित्सकों के बीच ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान करना है, बल्कि बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाना भी है। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन बाल चिकित्सा क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा।




















































