लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान से ही देश-प्रदेश का विकास संभव है। इसी उद्देश्य के तहत राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र व्यक्ति केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान आस-पास के लोगों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ा जा रहा है और सेवा पखवाड़े में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया जा रहा है।
29 सितंबर को सांगानेर में विकास कार्यों का लोकार्पण
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ काम कर रही है। इसी क्रम में सांगानेर के विकास कार्यों को धरातल पर मूर्तरूप मिल रहा है। नवरात्र के अवसर पर 29 सितंबर को सांगानेर क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही, क्षेत्रवासियों के साथ भविष्य के विकास कार्यों की योजना पर भी चर्चा होगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री निवास पर सांगानेर क्षेत्र के लोगों ने मन की बात कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को सुना। इस अवसर पर नगर निगम ग्रेटर महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर, उप महापौर पुनीत कर्णावट, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण और आमजन उपस्थित थे।













































