लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम सुना। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस की नीतियों और चरित्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा व्यक्तिगत और राष्ट्रीय दोनों ही स्तरों पर चरित्र को महत्व देती है, जबकि कांग्रेस के लिए व्यक्तिगत चरित्र का कोई मूल्य नहीं रह गया है।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में शहीद भगत सिंह के साहस और बलिदान को याद किया, भारत रत्न लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी और हमारी बेटियों की उपलब्धियों को प्रेरणास्रोत बताया। प्रधानमंत्री ने गांधी जयंती पर खादी अपनाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और लोकल फॉर वोकल के संकल्प को भी दोहराया।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि 1925 में डॉ. हेडगेवार द्वारा विजयादशमी के दिन स्थापित संगठन आज राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “आज कांग्रेस ऐसे व्यक्तियों को पार्टी में वापस ले रही है, जिनके आचरण पर गंभीर प्रश्नचिह्न हैं। कुछ नेता बलात्कार जैसी घटनाओं पर असंवेदनशील बयान दे चुके हैं। यह न केवल प्रदेश की छवि खराब करता है, बल्कि पीड़ितों के प्रति भी असंवेदनशीलता दर्शाता है।” उन्होंने कहा कि भाजपा व्यक्तिगत और राष्ट्रीय चरित्र दोनों को महत्व देती है, जबकि कांग्रेस का दृष्टिकोण इसके विपरीत है।
राठौड़ ने प्रधानमंत्री मोदी की हालिया सौगातों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 25 सितम्बर 2025 को प्रधानमंत्री मोदी ने बांसवाड़ा में एटॉमिक एनर्जी प्लांट का शिलान्यास किया है, जिसकी 2800 मेगावाट ऊर्जा उत्पादन क्षमता राजस्थान के ऊर्जा क्षेत्र को सशक्त बनाएगी। इससे पहले ऐसा संयंत्र केवल रावतभाटा में था। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने वंदे भारत ट्रेनों की भी सौगात दी, जिससे यातायात और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, नाहर सिंह जोधा, प्रभुलाल सैनी, प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, प्रदेश मंत्री अजीत मांडण, स्टेफी चौहान, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, रजनीश चनाना, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष हमीद खान मेवाती, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ संयोजक राजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



















































