लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
धरियावद। (हितेश पालीवाल) धरियावद थाना अधिकारी कमलचन्द मीणा के नेतृत्व में धरियावद व देवगढ़ पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 10 क्विंटल 73 किलो 25 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया। यह खेप एक ईसूज़ी लोडिंग वाहन में परिवहन की जा रही थी।
नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई
जवाहर नगर चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर की ईसूज़ी लोडिंग गाड़ी को रुकवाने का प्रयास किया। पुलिस जाप्ता देखकर वाहन चालक तेज गति से वाहन को मुंगाणा रोड की ओर ले गया। पीछा करने पर चालक और उसमें बैठे दो व्यक्ति वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन वे फरार हो गए।
वाहन से मिली भारी मात्रा में डोडाचूरा
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 49 कट्टे काले रंग के मिले। खोलकर देखने पर उनमें अवैध अफीम अधकुटा डोडाचूरा पाया गया, जिसका कुल वजन 10 क्विंटल 73 किलो 25 ग्राम निकला।
पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज
अवैध डोडाचूरा और परिवहन में प्रयुक्त ईसूज़ी वाहन को जब्त कर थाना धरियावद में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।










































